जयपुर : बीसलपुर-जयपुर पानी सप्लाई लाइन में मरम्मत का काम होने के कारण शहर में 29 और 30 मार्च को पानी की सप्लाई प्रभावित रहेगी। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) ने इसके लिए शटडाउन तय किया है, जिससे गर्मी के मौसम से पहले जल आपूर्ति सिस्टम को बेहतर किया जा सके।

अजमेर: अजमेर के नसीराबाद :घाटी में रोडवेज बस में धुंआ उठने के बाद अफरा तफरी
मरम्मत के कारण 29 मार्च को पूरे शहर में सप्लाई बंद रहेगी, जबकि 30 मार्च को सुबह सप्लाई नहीं होगी और शाम के समय आंशिक सप्लाई दी जाएगी। वहीं विभाग का कहना है कि 31 मार्च से पानी सप्लाई फिर से सामान्य रूप से शुरू कर दी जाएगी।
सूरजपुरा पम्पिंग स्टेशन 24 घंटे रहेगा बंद
अतिरिक्त मुख्य इंजीनियर अजय सिंह राठौड़ ने बताया- 28 मार्च शाम 8 बजे से 29 मार्च शाम 8 बजे तक सूरजपुरा पम्पिंग स्टेशन बंद रहेगा। इसी शटडाउन के कारण शहर की जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित होगी। 29 मार्च को पूरे शहर में पानी नहीं आएगा। 30 मार्च की सुबह भी पानी सप्लाई बंद रहेगी, जबकि शाम को कुछ इलाकों में थोड़ी सप्लाई शुरू हो सकती है। 31 मार्च से सप्लाई फिर से सामान्य हो जाएगी।
2 दिन ऐसा रहेगा हाल
- 29 मार्च: पूरे जयपुर में पानी सप्लाई बंद रहेगी।
- 30 मार्च सुबह: पानी नहीं आएगा।
- 30 मार्च शाम: कुछ जगहों पर आंशिक सप्लाई शुरू होगी।
- 31 मार्च: सप्लाई पूरी तरह सामान्य हो जाएगी।
गर्मी से पहले की तैयारी, जिससे परेशानी न हो
विभाग के अनुसार यह मरम्मत कार्य नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है। गर्मी के मौसम में पानी की मांग बढ़ने से पहले सिस्टम को मजबूत करने के लिए यह काम किया जा रहा है, ताकि आगे सप्लाई में बार-बार रुकावट न आए। विभाग का कहना है कि यह काम जरूरी है, ताकि गर्मी में पानी की कमी या दिक्कत न हो और सप्लाई लगातार चलती रहे।
लोगों से अपील पहले से पानी स्टोर करें
विभाग ने शहरवासियों से अपील की है कि वे तय तारीखों को ध्यान में रखते हुए पहले से पर्याप्त पानी का संग्रहण कर लें। साथ ही इस दौरान पानी का उपयोग सोच-समझकर करें, ताकि परेशानी कम हो सके।
अब 1 क्लिक पर मिलेगा पानी का हिसाब, नहीं काटने होंगे चक्कर
पीएचईडी बिलिंग व्यवस्था में बड़ा बदलाव करने जा रहा है। विभाग एक ‘केंद्रीकृत पीएचईडी बिलिंग इंजन पोर्टल’ तैयार करवा रहा है। इससे उपभोक्ताओं को एक क्लिक पर ही पानी का पूरा हिसाब मिल जाएगा। न तो गलत बिलों के लिए दफ्तरों के चक्कर काटने होंगे और ना ही जुर्माने का डर रहेगा। इसका फायदा जयपुर के 9.71 लाख उपभोक्ताओं के साथ प्रदेश के लगभग 18.98 लाख उपभोक्ताओं को मिलेगा।
ये होगा फायदा
बिलिंग प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी हो जाएगी।
पोर्टल के आने से इंसानी दखल (एचआई) खत्म होगा, जिससे बिल में होने वाली गलतियों की गुंजाइश न के बराबर रह जाएगी।
पूरे प्रदेश में एक जैसा, मानकीकृत बिल मिलेगा।
अब ऑटो-जनरेटेड बिल होंगे, जिससे सटीकता बढ़ेगी।