भरतपुर के नदबई में ज्वेलर योगेंद्र चौपड़ा की हत्या के 65 घंटे बाद भी आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस की लगातार दबिश के बावजूद नतीजा शून्य रहने से सर्राफा व्यापारियों में आक्रोश बढ़ गया है। 72 घंटे का दिया गया अल्टीमेटम खत्म होने से पहले ही व्यापारियों ने बाजार बंद कर दिया है और अब आगे की रणनीति बनाने के लिए बैठक कर आंदोलन की तैयारी में जुट गए हैं। 65 घंटे बाद भी खाली हाथ पुलिस नदबई कस्बे में ज्वेलर हत्याकांड के बाद पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। इससे व्यापारियों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है।
आज बंद रहा सर्राफा बाजार, बढ़ा आक्रोश घटना के विरोध में गुरुवार को सभी सर्राफा व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद रखीं। बाजार में सन्नाटा पसरा रहा और व्यापारियों ने एकजुट होकर विरोध दर्ज कराया। व्यापारियों का कहना है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। 12 बजे होगी अहम मीटिंग, तय होगी आगे की रणनीति व्यापारी आज दोपहर 12 बजे एक अहम बैठक करेंगे। इस मीटिंग में आगे की रणनीति तय की जाएगी। संभावना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापारी बड़ा आंदोलन खड़ा कर सकते हैं। एसपी के आश्वासन पर खत्म हुआ था धरना सर्राफा व्यापारियों ने बताया कि 25 मार्च की शाम करीब 7 बजे ज्वेलर योगेंद्र चौपड़ा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। आरोपी गहनों और नकदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए थे।
घटना के बाद व्यापारियों ने शव के साथ बाजार में रैली निकालकर थाने के सामने प्रदर्शन किया था। इस दौरान एसपी दिगंत आनंद मौके पर पहुंचे थे और उन्होंने 72 घंटे के भीतर आरोपियों को पकड़ने का आश्वासन दिया था। इसी भरोसे पर व्यापारियों ने धरना समाप्त किया था। अल्टीमेटम खत्म होने के करीब, बढ़ सकता है आंदोलन आज शाम 7 बजे 72 घंटे का समय पूरा हो जाएगा, लेकिन अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से व्यापारियों का धैर्य जवाब देने लगा है। ऐसे में बैठक के बाद आंदोलन को लेकर बड़ा फैसला लिया जा सकता है।
