कोटा : के थर्मल पावर प्लांट में बीती देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब अचानक एक भालू प्लांट परिसर में घुस आया। नाइट शिफ्ट में काम कर रहे कर्मचारी भालू को देखकर दहशत में आ गए और सुरक्षा के चलते बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा सके। भालू काफी देर तक प्लांट के अंदर घूमता रहा, जिससे पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बना रहा।
इस दौरान प्लांट के अंदर काम कर रहे ठेका कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। एक श्रमिक भालू के काफी करीब था। जैसे ही उसकी नजर भालू पर पड़ी, वह घबरा गया और जान बचाने के लिए भागने लगा। घबराहट में भागते समय वह सड़क पर गिर गया, जिससे उसके घुटने और पैर में चोट आ गई। साथी कर्मचारियों ने उसे संभाला और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
बताया जा रहा है कि प्लांट के पास जंगल होने के कारण यहां जंगली जानवरों की आवाजाही बनी रहती है। कुछ दिन पहले भी दो भालू प्लांट के अंदर आ गए थे और सड़क पर घूमते नजर आए थे, जिसका वीडियो भी सामने आया था। वहीं हाल ही में एक बड़े अजगर ने प्लांट में काम कर रहे मजदूर पर हमला कर दिया था और उसे कुंडली में जकड़ लिया था। हालांकि अन्य श्रमिकों ने साहस दिखाते हुए उसे छुड़ा लिया। लगातार हो रही इन घटनाओं से प्लांट कर्मचारियों में डर और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। देखें PHOTOS…
